दीवार तोड़कर मकान हड़पने की धमकी; पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार 

गौरव शर्मा 
ग्रेटर नोएडा । दादरी क्षेत्र में जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां जैतून नामक महिला ने अपने पड़ोसी भानू प्रकाश शर्मा उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने, मकान की दीवार तोड़ने और परिवार को लगातार धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि जमीन के वैध दस्तावेज और रजिस्ट्री होने के बावजूद उसे अपने ही मकान में रहने के लिए परेशान किया जा रहा है।
पीड़िता जैतून के अनुसार, भगत फार्म के सामने खसरा नंबर 1589 में करीब 750 वर्ग गज जमीन उसके नाम पर है, जिसकी वर्ष 2017 में रजिस्ट्री कराई गई थी। उक्त जमीन पर उसका आवास बना हुआ है, जिसमें कमरे और बाथरूम आदि बने हैं। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से अपने परिवार के साथ वहां रह रही है और उसके पास इस जगह पर रजिस्ट्री, बिजली का बिल सहित जमीन और मकान से संबंधित सभी दस्तावेज मौजूद हैं।
जैतून का आरोप है कि उनके पड़ोसी भानू प्रकाश शर्मा, जिनका वहां तेजस्वी फार्म हाउस बताया जा रहा है, उनकी दीवार तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक, पड़ोसी ने वर्ष 2025 में खसरा नंबर 1589 में ही करीब 200 वर्ग गज जमीन खरीदने का दावा करते हुए उससे पूरी जमीन खाली करने का दबाव बनाया है, जबकि महिला का कहना है कि उसकी 750 वर्ग गज जमीन की अलग रजिस्ट्री है और वह अपने हिस्से की जमीन पर वैध रूप से काबिज है। पीड़िता का कहना है कि जो शख्स उसकी जमीन कब जा रहा है वह पूर्व में पुलिस में रह चुका है जिसके चलते वह लगातार पीड़िता को डरा धमका रहा है और धमकियां दे रहा है कि उसे और उसके परिवार के बच्चों को किसी झूठे आरोप में जेल भिजवा देगा कोई पीड़िता का कहना है कि पूर्व पुलिस वाला होने के नाते वह धमकियां देता है कि थाने में उसकी अच्छी चलती है जिसके चलते कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले हिंदू वाहिनी के कुछ लोगों को बुलाकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी। उनसे भी उसने स्पष्ट कहा था कि वह किसी के मकान में किरायेदार नहीं है, बल्कि अपनी रजिस्टर्ड जमीन पर बने मकान में रह रही है।

महिला का आरोप है कि जब उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसे डराया-धमकाया गया। उसका कहना है कि पुलिस को बुलाने की बात कहने पर उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया तथा कथित रूप से कुछ समय के लिए हिरासत में भी रखा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे मुस्लिम समाज से होने को लेकर भी अपमानजनक बातें कही गईं और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

जैतून का कहना है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से इस विवाद के चलते परेशान है। उसे अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन के दस्तावेजों का सत्यापन कराने, अवैध कब्जे के प्रयास पर रोक लगाने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

पीड़िता का कहना है कि जब उसके पास जमीन की रजिस्ट्री, बिजली के बिल और मकान में निवास के प्रमाण मौजूद हैं, तो उसे अपनी ही जमीन पर रहने के लिए क्यों संघर्ष करना पड़ रहा है? अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।