हापुड़ न्यूज़

गढ़मुक्तेश्वर, की राज नगर कॉलोनी में नगर पालिका की अनदेखी के चलते लोग बदहाल जिंदगी जीने को मजबूर हैं। कॉलोनी में आज तक पक्के रास्ते नहीं बनवाए गए हैं। मिट्टी के कच्चे रास्तों पर बारिश का पानी भरने से जगह-जगह कीचड़ हो गया है।
1 जुलाई से स्कूल खुलने के बाद बच्चों को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि कई बच्चे स्कूल जाते समय फिसलकर गिर चुके हैं। बुजुर्गों और महिलाओं का भी घर से निकलना मुश्किल हो गया है।स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश में ही कच्चे रास्ते दलदल में तब्दील हो जाते हैं। नालियों की निकासी न होने से पानी कई-कई दिन तक भरा रहता है। आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका में शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली।
कॉलोनी के लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर नगर पालिका अधिकारी कब तक मौन बैठे रहेंगे। लोगों ने मांग की है कि कॉलोनी में सीसी रोड या खड़ंजा का निर्माण कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि स्कूली बच्चों व आमजन को राहत मिल सके।
इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल सका। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण नहीं हुआ तो वे पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
मनजीत सिंह कि रिपोर्ट
0 Comment