मिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिलाओं को दी कानून की जानकारी
राजेश शुक्ल / बस्ती
बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के हरैया में 08 फरवरी 2026 को 'मिशन शक्ति फेज-5' के तहत 'बहू-बेटी सम्मेलन' आयोजित किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था।
यह सम्मेलन क्षेत्राधिकारी रुथौली कुलदीप सिंह यादव और थाना अध्यक्ष संजय कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें उपनिरीक्षक देवी शरण यादव, महिला कांस्टेबल वंदना पासवान, रिक्रूट कांस्टेबल रविकांत और रिक्रूट कांस्टेबल सूरज दीक्षित सहित कई पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना था। इस दौरान उन्हें कानून के विभिन्न पहलुओं और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को 1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त, उन्हें थाने के सीयूजी नंबर 9454403117 से भी अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे अपने विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध के खिलाफ आवाज उठाने में संकोच न करें। उन्हें इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
0 Comment