गौरव शर्मा 
ग्रेटर नोएडा l
जनपद के कृषकों की कृषि संबंधी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज विकास भवन में कृषि विभाग के कार्यालय कक्ष में किसान दिवस आयोजित किया गया। उप कृषि निदेशक की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में जनपद के प्रगतिशील कृषकों ने सहभागिता करते हुए अपनी विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को फार्मर रजिस्ट्री, धान एवं ढैंचा बीज की उपलब्धता सहित कृषि योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में उपस्थित कृषि विज्ञान केन्द्र की वैज्ञानिक डॉ. विनिता सिंह द्वारा कृषकों को संतुलित उर्वरकों के प्रयोग के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग से उत्पादन बढ़ाने पर चर्चा की गई। वहीं उद्यान विभाग से प्रेम शंकर शर्मा द्वारा जनपद में औद्यानिक फसलों के क्षेत्रफल को बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई। मत्स्य विभाग से हरीशंकर त्रिपाठी द्वारा किसानों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने एवं इससे आय में वृद्धि के विषय में जानकारी प्रदान की गई।
      कृषकों की सहायता एवं समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित इस किसान दिवस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें सिंचाई, ऊर्जा एवं कृषि उत्पादन शाखा से संबंधित विभागों के साथ-साथ कृषि, उद्यान, मत्स्य, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारी एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के क्षेत्रीय प्रबंधक भी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक द्वारा अवगत कराया गया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर होने वाली खरीद हेतु किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
      अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी कृषकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।