विक्रमपाल सिंह
रुदौली (अयोध्या)। गोगाँवा में दिनदहाड़े हुए अवैध खनन ने प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। नहर विभाग के ही एक कर्मचारी की सरपरस्ती में जेसीबी से मिट्टी खनन का मामला सामने आया, जबकि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका परिषद रुदौली के कृष्णा नगर वार्ड-1 स्थित गोगाँवा गांव में 26 मार्च को नहर विभाग का क्षेत्रीय सींच पाल प्रदीप कुमार अपने दो अज्ञात साथियों के साथ रौजागांव-रुदौली मार्ग किनारे स्थित गाटा संख्या 282 (स्वामित्व: बजरंगी प्रसाद आदि) के बाग से बिना किसी वैध परमिट के जेसीबी मशीन संख्या UP 41 AT 8309 द्वारा मिट्टी का अवैध खनन करा रहा था।
ग्रामीणों की सतर्कता के चलते डायल 112 पर इवेंट आईडी P26032609690 के माध्यम से सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बाइक पुलिस ने खुदाई रुकवा दी, लेकिन आरोपितों के खिलाफ एफआईआर या अन्य वैधानिक कार्रवाई न होना सवालों को जन्म दे रहा है।
गोगाँवा निवासी विक्रम पाल सिंह ने इस गंभीर मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और प्रशासन की ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दे रहे हैं कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रशासन की यह खामोशी न सिर्फ अवैध खनन माफियाओं के हौसले बढ़ा रही है, बल्कि आम जनता का कानून और सरकारी व्यवस्था पर भरोसा भी लगातार कम कर रही है।
0 Comment