बस्ती। क्षेत्र पंचायत रुधौली की तरह विकास खण्ड रामनगर की बैठक में भ्रष्टाचार का बम नहीं फूटा। बम फूटने को कौन कहें कहीं से आवाज तक नहीं आई। जिस तरह बिना शोर शराबे के राम नगर क्षेत्र पंचायत की बैठक संपन्न हुई, उसके लिए ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह और बीडीओ राजेश कुमार सिंह की कुशल रणनीति मानी जा रही है। इस ब्लॉक पर प्रदेश का पहला ऐसा ब्लॉक माना जाएगा, जहां पर विकास की पुस्तिका हर साल छपती रही। अमूमन कोई भी क्षेत्र पंचायत विकास पुस्तिका जनता के बीच नहीं बांटती, क्यों नहीं बांटती यह कहने और लि,ाने की बात नहीं बल्कि समझते की है। पता चला है, कि रामनगर की तरह क्षेत्र पंचायत सल्टौआ भी विकास पुस्तिका प्रकाशित करने जा रही है। एक साथ पांच सालों की विकास पुस्तिका जनता और जनप्रतिनिधियों को देने की योजना बताई जा रही है। क्षेत्र पंचायतों की जनता और जनप्रतिनिधियों का अधिकार है, कि उसके क्षेत्र में क्या-क्या विकास हुआ? इसी बहाने सोशल आडिट भी हो जाता है। बहरहाल रामनगर की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे, ब्लाक प्रमुख यशकान्त सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सभी विभागों के समन्वय और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास खण्ड रामनगर को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी प्रकार समन्वय स्थापित कर विकास खण्ड को जिले का अग्रणी विकास खण्ड बनाने का प्रयास जारी रहेगा। इसके लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की आवश्यकता है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना का अनुमोदन किया गया। साथ ही जनगणना 2026-27 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत चयन प्रक्रिया एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ने के विषय पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास परियोजना, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।
बैठक का संचालन अध्यक्ष की अनुमति से किया गया। इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, प्रभारी सहायक विकास अधिकारी पंचायत विजय कुमार चौधरी, सीडीपीओ देवेन्द्र सिंह, सहायक विकास अधिकारी (महिला) कुसुमलता सिंह, पूर्ति निरीक्षक कुलभूषण श्रीवास्तव, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामानुज चौधरी, राजेश पाठक, सुभाष सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्राम पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
0 Comment