धौलाना क्षेत्र के ककराना गांव के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बदायूं निवासी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गए। मसूरी के एक राहगीर निखिल तिवारी ने घायल सुनील को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।जानकारी के अनुसार, सुनील पुत्र ऋषिपाल बदायूं के बारीपुरा गांव के निवासी हैं। वह किसी मुकदमे की तारीख पर पेशी के लिए बदायूं से नोएडा आए थे। पेशी के बाद वह अपनी टीवीएस बाइक से नोएडा से धौलाना होते हुए वापस बदायूं लौट रहे थे। इसी दौरान न्यू इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास कैंटर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद कई लोग मौके पर जमा हो गए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इसी बीच, मसूरी से अपने मित्र के साथ बाइक से जा रहे निखिल तिवारी ने घायल सुनील को सड़क पर देखा। उन्होंने तुरंत अपनी बाइक रोकी और बिना देर किए सुनील को अपनी बाइक पर बैठाकर धौलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. मनदीप गुप्ता ने सुनील को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉ. गुप्ता ने एंबुलेंस 108 की मदद से उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।इस घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले हादसों को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है।