बस्ती। जो लोग सांसद राम प्रसाद चौधरी पर जनहित की लड़ाई न लड़ने का आरोप लगाते हैं, उन्हें इनके बारे में अपनी राय बदलनी चाहिए। समाजवादी पार्टी के सांसद राम प्रसाद चौधरी की पहल रंग लाई है, अब  बस्ती में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा सी.टी.ई.टी.  का परीक्षा केंद्र बनाया जायेगा। इससे बस्ती सहित आसपास के जनपदों के हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। सांसद राम प्रसाद चौधरी ने बताया कि केन्द्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयन्ती चौधरी ने उन्हें पत्र भेजकर कहा है कि आगामी दिसम्बर 2026 में होने वाली सी.टी.ई.टी. परीक्षा बस्ती में भी होगी। ज्ञात रहे कि बस्ती में परीक्षा केंद्र न होने के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए गोरखपुर, लखनऊ अथवा वाराणसी जैसे दूरस्थ जनपदों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। खासकर महिला एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को आवागमन और ठहरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने अपने पत्र में यह भी कहा था कि बस्ती जनपद में परीक्षा केंद्र के संचालन के लिए पर्याप्त शिक्षण संस्थान, सुगम यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। ऐसे में यहां सी.टी.इ.टी.  परीक्षा केंद्र स्थापित करना पूरी तरह उपयुक्त और व्यावहारिक है। सांसद की इस पहल के बाद अब बस्ती में सी.टी.ई.टी. परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाने की मांग पूरी होने से अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है। इससे न केवल बस्ती बल्कि सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर के युवाओं को भी परीक्षा देने के लिए दूर-दराज के शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। समाजवादी शिक्षक सभा जिलाध्यक्ष डा. सुरेन्द्र प्रसाद चौधरी ने बताया कि सी.टी.ई.टी. परीक्षा देने के लिये छात्रों को दूर दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता था और उन्हें असुविधा होती थी, इसे देखते हुये उन्होने सांसद राम प्रसाद चौधरी को पत्र दिया था, इसे सांसद ने गंभीरता से लिया और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को अपने स्तर से पत्र भेजा। इसे स्वीकार कर लिया गया है। सांसदजी कस यह पहल सराहनीय है।