हापुड़ न्यूज़

गढ़मुक्तेश्वर, 01जुलाई - ब्लॉक गढ़मुक्तेश्वर के गांव खिलवाई में अवैध कब्जे, गलियों में फैली गंदगी और तालाब की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाब से सटे कई मकानों पर करीब 350 वर्ग मीटर जमीन में छप्पर, बल्ली आदि लगाकर अवैध कब्जा किया गया है। इसके अलावा गांव की गलियों में भी अवैध कब्जों के कारण रास्ते संकरे हो गए हैं। कई जगह नालियां चोक होने से गंदगी सड़कों पर फैली रहती है।
वहीं गांव का मुख्य तालाब जलकुंभी और घास से पूरी तरह पट गया है। हल्की बारिश में ही तालाब का पानी लबालब होकर आसपास भर जाता है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब में इतनी घास व कीचड़ है कि कोई व्यक्ति गिर जाए तो उसका पता लगाना मुश्किल हो जाएगा।
आरोप है कि पिछले 5 सालों में कई ग्राम प्रधान आए, लेकिन तालाब की सफाई पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। सचिव व ग्राम प्रधान द्वारा कभी-कभी पानी निकासी करा दी जाती है, पर तालाब की सफाई व गहरीकरण नहीं कराया गया।ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में कई जगहों पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध कब्जे हटवाए जाएं, गलियों की सफाई कराई जाए और तालाब की सफाई व सुंदरीकरण का कार्य जल्द शुरू हो।इस संबंध में जब ग्राम प्रधान से बात करने का प्रयास किया गया तो संपर्क नहीं हो सका। वहीं ब्लॉक अधिकारियों का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।
मनजीत सिंह कि रिपोर्ट
0 Comment