बस्ती। अत्यंत हृदय विदारक और असहनीय पीड़ा के साथ सूचित किया जाता है कि बस्ती जनपद के अत्यंत सज्जन, योग्य एवं सामाजिक व्यक्तित्व ज्ञानेंद्र पांडेय ज्ञानू जी, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष बस्ती’ के इकलौते 25 वर्षीय पुत्र ’शिवांशु पांडेय जी’ का असामयिक निधन हो गया है। एक पिता के लिए अपने इकलौते पुत्र की अर्थी को कंधा देना सृष्टि के सबसे बड़े और अमानवीय दुःखों में से एक है। यह प्रकृति के उस अघोषित नियम के विरुद्ध है जिसमें संतान को अपने पिता को विदा करना चाहिए, पिता को अपनी संतान को नहीं। उस क्षण की पीड़ा को न शब्दों में व्यक्त किया जा सकता है और न ही उसे किसी के साथ बाँटा जा सकता है।
शिवांशु पांडेय जी एक मेधावी, संस्कारी और उज्ज्वल भविष्य के धनी युवा थे। ज्ञानेंद्र पांडेय के एक पुत्री और एक पुत्र थे। इकलौते पुत्र को खोने का दंश कोई कैसे बर्दाश्त कर सकता है। यह क्षति केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय है।
ऐसे समय में शुभचिंतक भी स्वयं को असहाय पाते हैं। सांत्वना के शब्द भी अपर्याप्त लगते हैं और भाषा मौन हो जाती है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा ’शिवांशु पांडेय जी’ को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल पिता श्री ज्ञानेंद्र पांडेय ज्ञानू जी एवं समस्त परिवार को इस वज्रपात को सहने की अद्भुत शक्ति दें। महादेव से यही कामना है कि किसी भी माता-पिता को ऐसा समय न देखना पड़े। इस अपूरणीय क्षति में हम शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं और उनकी इस असहनीय पीड़ा में अपनी गहन संवेदना एवं करुणा व्यक्त करते हैं। हरीश सिंह, चंद्रेश प्रताप सिंह, बाबू राम सिंह, राजा रतन सिंह, विपुल त्रिपाठी, दीपक ठेकेदार, अखिलेश चौबे, चुन्नू राय, कैफी, नाजिर हुसैन, मुस्लिम अंसारी एवं गिरजेश पाल आदि लोगों ने बहुत गहरा दुख व्यक्त किया।
0 Comment