गढ़मुक्तेश्वर,  विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बहुजन समाज पार्टी ने गढ़मुक्तेश्वर में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगर के सभी वार्डों का दौरा कर बूथ कमेटियों की समीक्षा की और नए सिरे से गठन किया।पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की टीम ने वार्डों में जाकर हर बूथ पर स्थानीय कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की। बैठक में पुरानी कमेटियों के कामकाज का लेखा-जोखा लिया गया। निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को कमेटी में शामिल किया गया।बसपा नेताओं ने कहा कि बूथ को ही चुनाव में जीत की इकाई माना गया है। प्रत्येक बूथ कमेटी 25-30 घरों तक सीधा संपर्क कर पार्टी की नीतियों और बहुजन हित की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएगी।
इस दौरान मेरठ मंडल से परवेज अली, पूर्व जिला प्रभारी रविराज, जिला उपाध्यक्ष जिया परवेज, विधानसभा अध्यक्ष राजू जाटव, बिजेंद्र उर्फ बंटी, सुहैल, नदीम, धर्मपाल, मोहित, मनवीर, शीशपाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।