हापुड़, जनपद के गांव बक्सर में बरसात शुरू होते ही ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जमाईपुरा मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नाली और सड़क निर्माण न होने से बारिश का पानी घरों में घुसने लगा है। कई मकानों के चारों ओर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे मकानों की नींव कमजोर होने का खतरा बताया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि 5 साल के कार्यकाल में गांव में मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि बक्सर में हाईवे पर बाबा रामदास स्कूल के पास स्थित समाधि के निकट सड़क पर कूड़े के ढेर लगे हैं। वहीं गांव के अंदर मंदिर के पास भी कूड़े के बड़े ढेर होने से गंदगी फैली हुई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव व सफाई की समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि बरसात में कोई बड़ा हादसा न हो। इस मामले में ग्राम प्रधान का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।