गौरव शर्मा
ग्रेटर नोएडा l भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत, 10 अप्रैल 2026 को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इसी क्रम में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में प्रातः 11:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुरूप तैयार की गई अंतिम निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को औपचारिक रूप से उपलब्ध कराई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है। आम नागरिक अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथ) पर जाकर आगामी एक सप्ताह तक सूची का अवलोकन कर सकते हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि जनपद गौतम बुद्ध नगर में कुल 15,05,082 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 8,23,304 पुरुष, 6,81,728 महिला तथा 50 ट्रांसजेंडर मतदाता सम्मिलित हैं। विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा में कुल 5,87,195 मतदाता हैं, जिनमें 3,24,477 पुरुष, 2,62,708 महिला तथा 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्र 62-दादरी में कुल 6,05,204 मतदाता हैं, जिनमें 3,28,244 पुरुष, 2,76,926 महिला तथा 34 ट्रांसजेंडर मतदाता सम्मिलित हैं। विधानसभा क्षेत्र 63-जेवर में कुल 3,12,683 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,70,583 पुरुष, 1,42,094 महिला तथा 06 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।मतदान केंद्रों के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में वर्तमान में कुल 743 मतदान केंद्र स्थापित हैं, जिनमें विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा के 233, 62-दादरी के 303 तथा 63-जेवर के 207 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसी प्रकार जनपद में कुल 2,024 मतदेय स्थल हैं, जिनमें विधानसभा क्षेत्र 61-नोएडा के 811, 62-दादरी के 794 तथा 63-जेवर के 419 मतदेय स्थल सम्मिलित हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें भाजपा के जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, कार्यालय प्रभारी अनूप तिवारी, बसपा के जिला महासचिव राजकुमार गुर्जर, विधानसभा संयोजक मुकेश राठी, विधानसभा प्रभारी ओमप्रकाश सिंह, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष नीरज लोहिया, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष परशुराम चौधरी, दिलदार अंसारी तथा सीपीआईएम के प्रभारी मुकेश कुमार शामिल रहे।
- Loading weather...
- |
- Last Update 11 Apr, 02:58 AM
- |
- |
- खबरें हटके
- |
- ताज़ा खबर
- |
- क्राइम
- |
- वायरल विडिओ
- |
- वीडियो
- |
- + More
0 Comment