हापुड़ न्यूज़

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर।स्वतंत्रता दिवस के परिप्रेक्ष्य में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और कारों में तिरंगा झंडा लगाकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। इसके उपरांत, किसानों ने गढ़मुक्तेश्वर एसडीएम को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के नाम अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के बाद तहसील परिसर से सभी किसान योद्धा हाथों में तिरंगा थामे पैदल मार्च निकालते हुए शहीद पार्क पहुंचे। वहां उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए उनकी मूर्तियों पर पुष्प अर्पित किए और माल्यार्पण किया। इसके पश्चात, भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर भी पुष्प अर्पित कर माला अर्पण की गई। इस विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रॉली और गाड़ियां लेकर पहुंचे, जिनकी सुरक्षा-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन भी मौके पर मुस्तैद रहा।
जिला अध्यक्ष जीते चौहान ने बताया कि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता नहीं किया जाना चाहिए और संसद में बिना किसी चर्चा के अपनाए गए सभी मौजूदा मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द किया जाए, जो भारतीय कृषि, उद्योग, श्रमिकों और राष्ट्रीय हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। साथ ही, कृषि उपज के किसी भी मुक्त आयात को रोका जाए और सभी फसलों के लिए C2+50% फॉर्मूले पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी व सुनिश्चित सरकारी खरीद का कानून बनाया जाए।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कुशल पाल ने कहा कि जबरन भूमि अधिग्रहण और कॉर्पोरेट समर्थक भूमि पूलिंग को रोककर किसानों के भूमि अधिकारों की रक्षा की जाए। साथ ही LARR अधिनियम 2013, FRA 2006 और PESA अधिनियम 1996 द्वारा गारंटीकृत अधिकारों को पूरी तरह कायम रखा जाए।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी ने कहा कि ग्रामीण ऋणग्रस्तता को समाप्त करने, किसानों तथा दिहाड़ी मजदूरों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए व्यापक ऋण माफी लागू करने और प्रत्येक किसान आत्महत्या पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई।
जिला प्रवक्ता श्याम सुंदर त्यागी ने कहा कि चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने, सभी श्रमिकों के लिए 42,000 रुपये प्रतिमाह का वैधानिक न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने, तथा मनरेगा को मजबूत कर प्रति वर्ष 200 दिनों के रोजगार और न्यूनतम 700 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी तय करने की मांग रखी।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील अध्यक्ष नवदीप सिंह ने कहा कि प्रभावी जलग्रहण क्षेत्र प्रबंधन और सार्वजनिक निवेश के माध्यम से हर खेत तक सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित करने तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों को 10,000 रुपये प्रतिमाह की सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने की मांग की।
गुरशरण सिंह,कुलवंत सिंह, नवजोत सिंह, संतोष सिंह, गगनदीप सिंह, गुरजीत सिंह, कुलवंत सिंह, सोनी सिंह, दिनेश त्यागी, आदि लोग मौजूद रहे!
मनजीत सिंह कि रिपोर्ट
0 Comment