ओमप्रकाश गौतम
गढ़ गंगा कार्तिक मेले में ट्रैक्टर पर चढ़कर हुड़दंग कर रहे युवाओं पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। मेले में डीजे की धुन पर ट्रैक्टर पर चढ़कर नाच रहे और हंगामा कर रहे युवाओं को देखकर एएसपी महेश कुमार व सीओ राहुल यादव मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने मौके पर ही युवाओं को जमकर फटकार लगाई और युवाओं को सख्त चेतावनी दी। मेले में इस तरह का हुड़दंग बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रद्धालुओं को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चेतावनी के बाद युवाओं को मौके से हटा दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मेले में हुड़दंग कर रहे अन्य युवाओं में भी हड़कंप मच गया।
 एएसपी महेश कुमार का कहना है कि मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही है। मेले में हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।