धौलाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी चौकी इलाके में एक युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार मूल रूप से बदायूं जनपद का रहने वाला है और इन दिनों औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरी कर रहा है। बताया गया है कि युवती भी स्थानीय कंपनी में कार्यरत थी। दो दिन पूर्व वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।

युवती के पिता मुन्ने ने आरोप लगाया है कि कंपनी में ही काम करने वाला एक युवक उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद से परिवार बेहद परेशान है और लगातार पुलिस चौकी के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

मंगलवार को पीड़ित पिता ने थाना धौलाना पहुंचकर थाना प्रभारी अवनीश शर्मा को लिखित शिकायत पत्र सौंपा और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।