बस्ती। मनुष्य का जीवन बाहर से जितना सरल दिखाई देता है, भीतर से उतना ही जटिल है। हर मुस्कुराते चेहरे के पीछे कोई कहानी है, हर शांत दिखाई देने वाले व्यक्ति के भीतर कोई संघर्ष है और हर सफल व्यक्ति के जीवन में भी ऐसी चिंताएँ हैं, जिन्हें वह दुनिया से साझा नहीं करता। सच तो यह है कि दुःख मनुष्य के जीवन का कोई एक अध्याय नहीं, बल्कि उसके अस्तित्व के साथ चलने वाली एक सतत अनुभूति है। किसी के पास धन नहीं है, इसलिए वह दुःखी है किसी के पास धन बहुत है, फिर भी वह चैन की नींद नहीं सो पा रहा। कोई नौकरी की तलाश में परेशान है, तो कोई नौकरी में रहते हुए तनाव से घिरा है। कोई संतान न होने के कारण दुःखी है, तो कोई संतान के भविष्य की चिंता में। कोई विवाह न होने से परेशान है, तो कोई विवाह के बाद रिश्तों की उलझनों से। कोई अकेला है और दुःखी है, तो कोई भीड़ के बीच रहकर भी अपनेपन की तलाश में है। बीमारी का दर्द दिखाई देता है, लेकिन मन का दर्द अक्सर दिखाई नहीं देता। शरीर का घाव देखकर लोग सहानुभूति व्यक्त करते हैं, मगर टूटे हुए मन का घाव कई बार व्यक्ति को अकेले ही सहना पड़ता है। किसी प्रियजन की मृत्यु का दुःख स्पष्ट है, लेकिन किसी जीवित व्यक्ति के धीरे-धीरे दूर हो जाने का दुःख भी कम गहरा नहीं होता। किसी को प्रेम में असफलता मिली है, किसी को विश्वासघात मिला है। कोई अपनों की उपेक्षा से टूट गया है, कोई अपनों के व्यवहार में आए परिवर्तन से। किसी को सम्मान नहीं मिला, किसी को योग्यता के बावजूद अवसर नहीं मिला। कोई समाज की आलोचना से परेशान है, तो कोई समाज की अपेक्षाओं के बोझ से। मनुष्य कभी परिस्थितियों से दुःखी होता है और कभी अपनी ही अपेक्षाओं से। आज का मनुष्य दूसरों से तुलना करके भी दुःखी है। उसे लगता है कि सामने वाले के पास उससे अधिक धन है, बेहतर घर है, अच्छी नौकरी है, सुखी परिवार है, अधिक प्रतिष्ठा है। सोशल मीडिया ने इस तुलना को और गहरा कर दिया है। हम दूसरों की जिंदगी का चमकता हुआ हिस्सा देखते हैं और अपनी जिंदगी के संघर्षों से उसकी तुलना करने लगते हैं। परिणाम हमारे पास जो है, उसका सुख भी कम हो जाता है और जो नहीं है, उसका दुःख बढ़ जाता है। धन चाहिए मिल जाए तो उसे बचाने की चिंता। पद चाहिए मिल जाए तो उसे बनाए रखने की चिंता। सम्मान चाहिए मिल जाए तो अपमान का भय। संतान चाहिएकृमिल जाए तो उसके भविष्य की चिंता। घर चाहिए मिल जाए तो उसकी सुरक्षा की चिंता। स्वास्थ्य चाहिएकृमिल जाए तो बीमारी लौट आने का डर। इस प्रकार मनुष्य कई बार उस चीज के लिए दुःखी होता है जो उसके पास नहीं है और उस चीज के लिए भी चिंतित रहता है जो उसके पास है। अतीत भी मनुष्य को छोड़ता नहीं। पुरानी गलतियाँ, टूटे रिश्ते, छूटे अवसर और “काश ऐसा न किया होता” जैसी भावनाएँ वर्तमान की शांति को छीन लेती हैं। दूसरी ओर भविष्य की चिंता वर्तमान को निगल जाती है, कल क्या होगा, नौकरी रहेगी या नहीं, बच्चों का भविष्य कैसा होगा, स्वास्थ्य कैसा रहेगा, आर्थिक स्थिति कैसी होगी? इस तरह मनुष्य का मन कभी अतीत में पछताता है और कभी भविष्य से डरता है, जबकि जीवन वास्तव में केवल वर्तमान में घटित हो रहा होता है। लोग क्या कहेंगे? समाज क्या सोचेगा? मेरी प्रतिष्ठा कैसी है? मेरी सफलता कितनी है? कौन मेरे पक्ष में है और कौन मेरे विरोध में? इन प्रश्नों में उलझकर मनुष्य अपनी वास्तविक शांति खो देता है। कई बार हम जीवन अपनी खुशी के लिए नहीं, बल्कि दूसरों को संतुष्ट करने के लिए जीने लगते हैं। समाज की अपेक्षाएँ, परिवार की इच्छाएँ, रिश्तों की मजबूरियाँ और प्रतिष्ठा का दबाव व्यक्ति को भीतर से थका देता है।