300 यूनिट तक मुफ्त बिजली एवं ₹78,000 तक सब्सिडी का लाभ
इच्छुक पात्र व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
गौरव शर्मा
ग्रेटर नोएडा l पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी/परियोजना अधिकारी यूपी नेड़ा गौतम बुद्ध नगर लवेश कुमार सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा), विभूति खण्ड, गोमतीनगर, लखनऊ द्वारा भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत प्रदेशवासियों को सौर ऊर्जा अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस योजना का उद्देश्य एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है। साथ ही, योजना के माध्यम से उपभोक्ता अतिरिक्त विद्युत उत्पादन कर उसे ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर सीधे उनके बैंक खाते में अधिकतम ₹78,000 तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है—
01 किलोवाट क्षमता हेतु ₹30,000
02 किलोवाट हेतु ₹60,000
03 किलोवाट हेतु ₹78,000 तक सब्सिडी अनुमन्य है।
इच्छुक आवेदक योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://pmsuryaghar.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी है। आवेदक पोर्टल पर पंजीकरण कर आवेदन पत्र भरें, संबंधित डिस्कॉम से अनुमोदन प्राप्त करें। अनुमोदन के उपरांत सोलर पैनल स्थापित करवाकर नेट मीटर का विवरण एवं बैंक खाते की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सब्सिडी की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी।
योजना के अंतर्गत 03 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र हेतु लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी (Collateral-Free) ऋण सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए सौर ऊर्जा अपनाने में सुविधा मिलेगी।
पात्रता की शर्तें: आवेदक भारतीय नागरिक हो। घर की छत सोलर पैनल स्थापना के लिए उपयुक्त हो। वैध बिजली कनेक्शन होना अनिवार्य है। किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का पूर्व में लाभ न लिया हो।
आवश्यक दस्तावेज:
आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक (खाता विवरण हेतु), मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी। विस्तृत जानकारी हेतु इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय परियोजना अधिकारी, यूपीनेडा, कक्ष संख्या 111, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा, जनपद गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं।
0 Comment