गौरव शर्मा
ग्रेटर नोएडा l जिला पंचायत राज अधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने बताया कि विकासखंड बिसरख के ग्राम बंबावड़, प्यावली, ताजपुर, ततारपुर खगोड़ा, बिसहडा, बिश्नूली, विकासखंड दादरी के सैथली, छायसा, छोलस, लुहारली, रामगढ़ चमरावली, दादूपुर, खटाना कोट तथा विकासखंड जेवर के ग्राम मंडप्पा, गोबिंदगढ़, लौदोना, बांजरपुर में पंचायत सहायक/अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों हेतु आवेदन पत्र 23 फरवरी 2026 से 09 मार्च 2026 तक आमंत्रित किए जाते हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया के संबंध में बताया कि 20 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक ग्राम पंचायत द्वारा पंचायत सहायक/अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित करने की सूचना, ग्राम पंचायत के सूचना पट्ट एवं मुरादी द्वारा कराया जाएगा। 23 फरवरी से 09 मार्च 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, विकासखंड कार्यालय एवं ग्राम पंचायत कार्यालय में आवेदन पत्र जमा किए जाएंगे। 10 मार्च से 17 मार्च 2026 तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय व विकासखंड कार्यालय में प्राप्त आवेदन पत्रों को संबंधित ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराया जाएगा। 18 मार्च से 25 मार्च 2026 तक ग्राम पंचायत में प्राप्त आवेदन पत्रों की श्रेष्ठता सूची तैयार करना एवं ग्राम पंचायत की प्रशासनिक समिति के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया जाना एवं समिति द्वारा अनुमोदित श्रेष्ठता सूची को जिला स्तरीय समिति के विचारार्थ समिति के सदस्य सचिव को उपलब्ध कराया जाना। 26 मार्च से 30 मार्च 2026 तक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा परीक्षण संस्तुति। 31 मार्च से 01 अप्रैल 2026 तक ग्राम पंचायत द्वारा नियुक्ति पत्र निर्गत किया जायेगा। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया के संबंध में बताया कि अभ्यर्थी द्वारा निर्धारित आवेदन के प्रारूप समस्त सूचनाएं अंकित कर व्यक्तिगत रूप से अथवा रजिस्टर्ड डाक से अपनी ग्राम पंचायत, विकासखंड कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय में निर्धारित समयावधि में उपलब्ध करा सकते हैं।
0 Comment