गौरव शर्मा l
 ग्रेटर नोएडा l जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक एवं सहायक महाप्रबंधक (ए.जी.एम.) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग ने योजना की अब तक की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन कुछ बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार प्रगति नहीं की जा रही है।इस पर जिलाधिकारी ने  सभी बैंकों को अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शीघ्र लक्ष्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बैंक ब्रांचवार अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे तथा कहा कि बैंकों की ब्रांचवार समीक्षा की जाएगी।बैठक के अंत में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि योजना की नियमित समीक्षा की जाए और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से ऋण उपलब्ध कराया जाये। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, उपायुक्त उद्योग एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।