धौलाना। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलाना में क्षय रोग जागरूकता अभियान चलाया गया।पिलखुवा स्थित जीएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के बीएससी नर्सिंग और फार्मेसी के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षणों और उपचार के प्रति जागरूक किया।
नाटक में छात्रों ने लगातार दो-तीन सप्ताह से खांसी, खून आना, कमजोरी, बुखार और वजन कम होना जैसे लक्षणों को टीबी के संकेत बताते हुए तुरंत जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि टीबी बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है, जिसका छह माह तक नियमित दवा लेने से पूरी तरह इलाज संभव है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और दवा मुफ्त उपलब्ध है। साथ ही सरकार द्वारा मरीजों को पोषण सहायता के रूप में प्रतिमाह 500 रुपये भी दिए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने टीबी विषय पर निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता में भी भाग लिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. रोहित मनोहर सिंह ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता ही क्षय रोग की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने पर जोर दिया।
0 Comment