मेरठ, मवाना: ग्राम हिमायूपुर में दो प्लॉट पर अवैध कब्जे और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने उपजिलाधिकारी मवाना को प्रार्थना पत्र देकर भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम हिमायूपुर परगना व तहसील मवाना के खसरा संख्या 374 मि0 में 180.46 वर्ग मीटर और 539.98 वर्ग मीटर जमीन का बैनामा 14 सितंबर 2020 को अशोक कुमार पुत्र जितेंद्र कुमार व श्रीमती शशि बाला निवासी बी-600, जहांगीरपुरी दिल्ली से रिंकी पत्नी अमित कुमार निवासी नई बस्ती गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ के नाम कराया गया था। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस जमीन पर उनका कब्जा है।

आरोप है कि अजयपाल पुत्र रमेश निवासी निजामपुर, हापुड़ ने कानून को ताक पर रखकर जबरन कब्जे का प्रयास किया। आरोप है कि उसने प्लॉट पर बनी दो दुकानें तोड़ दीं और अपने खेतों से मिट्टी खिंचवाकर भराव कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि खसरा नंबर 374 मि0 में कुल 4250 वर्ग मीटर जमीन है। इसमें से 2150 वर्ग मीटर जमीन अशोक कुमार व शशि बाला ने 2007 में बेच दी थी, जो 2007 से अब तक चार बार बिक चुकी है। अशोक कुमार ने 2100 वर्ग मीटर जमीन अपने पास रखी थी, जिसमें से लगभग 630 वर्ग मीटर पुलिस चौकी को और 331 वर्ग मीटर सरकारी स्कूल को दी गई। बची जमीन में से 180.46 व 539.98 वर्ग मीटर का बैनामा 14/09/2020 को रिंकी पत्नी अमित कुमार को किया गया था।

शिकायत में कहा गया कि कथित भूमाफिया ने लेखपाल से गलत रिपोर्ट लगवाकर आबादी की जमीन पर एकतरफा, अवैध तरीके से कुर्रे करवा लिए, जो गलत है। इस विवाद का वाद पहले से SDM मवाना कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद आरोपी कब्जे के प्रयास में लगा है।

पीड़ित का दावा है कि आरोपी का बैनामा 22/11/2022 का कृषि भूमि का है जिस पर वह पहले से काबिज है, जबकि उनका बैनामा 14/09/2020 का है जिसमें आबादी का स्टाम्प दिया गया है। खसरे में भी पुलिस चौकी, प्राइमरी स्कूल व भद्रकाली मंदिर दर्ज हैं। पीड़ित पक्ष ने SDM से भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।