बस्ती। चंद्रेश प्रताप सिंह सवाल करते हैं, कि क्यों हम लोग अनपढ़ को चुनकर पढ़े लिखों पर राज करवाते है? कहते हैं, कि छोटा सा जिला चलाने के लिए आईएएस की तैयारी करनी पड़ती है। सालों की मेहनत, रात-रात भर जागकर पढ़ाई, लाखों में से कुछ सौ का चयन, फिर ट्रेनिंग, फिर परीक्षा, फिर जाकर एक जिला संभालने की जिम्मेदारी मिलती है। लेकिन नेताओं के लिए कोई परीक्षा नहीं। कोई योग्यता नहीं। कोई ट्रेनिंग नहीं। सिर्फ जाति, धर्म, पैसा, भीड़ और नारा काफी है। जिस देश में एक चपरासी की नौकरी के लिए भी लिखित परीक्षा होती है, उसी देश में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक बनने के लिए पढ़ा-लिखा होना जरूरी ही नहीं है। कहाँ से होगा देश का विकास? विकास किताबों से होगा या नारों से विकास सवाल पूछने से होगा या सवाल दबाने से? ’फ्री में नमक, चना, तेल दे सकते हो, पर फ्री में शिक्षा नहीं दे सकते, क्योंकि शिक्षा तो सवाल पैदा करती है! यही इस देश की सबसे बड़ी सच्चाई है। नमक-चना-तेल देने से वोट मिलता है, पेट भरता है, भीड़ खुश होती है। लेकिन शिक्षा देने से दिमाग खुलता है। बच्चा पूछने लगता है - सड़क क्यों टूटी है? नौकरी क्यों नहीं है? अस्पताल में डॉक्टर क्यों नहीं है? मेरे हक का पैसा कहाँ गया? और जो सरकार सवालों से डरती है, वो शिक्षा से भी डरती है। इसलिए स्कूलों की हालत खस्ता है, कॉलेजों में शिक्षक नहीं हैं, किताबें महंगी हैं, कोचिंग माफिया बन गई है। गरीब का बच्चा पढ़ भी ले तो नौकरी के लिए दर-दर भटकता है। हमने जनता को राशन का आदी बना दिया, लेकिन ज्ञान का भूखा नहीं बनाया। हमने हाथ में थैला दे दिया, लेकिन हाथ में कलम नहीं दी। याद रखिए, राशन एक दिन खत्म हो जाएगा, लेकिन शिक्षा पूरी पीढ़ी को बदल देगी। नमक से पेट भरेगा, लेकिन शिक्षा से भविष्य बनेगा। अगर सच में देश को आगे ले जाना है, तो नेता चुनते वक्त उसकी डिग्री नहीं, उसकी सोच देखिए। वो बोलता कितना अच्छा है, ये मत देखिए, वो सोचता कितना गहरा है, ये देखिए। क्योंकि जिला चलाने वाला अफसर तो परीक्षा पास करके आता है, लेकिन देश चलाने वाला नेता आपकी परीक्षा में पास होता हैं, जिसे हम वोट कहते हैं। इस परीक्षा में फेल हम होते हैं, जब हम अनपढ़ को चुनकर पढ़े-लिखों पर राज करवाते हैं।