बस्ती। युवाओं को रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती एवं सर्वाेदय इंटर कॉलेज नेवादा के संयुक्त तत्वावधान में सर्वाेदय इंटर कॉलेज नेवादा रुधौली बस्ती के विद्यालय परिसर में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेला का सकुशल आयोजन किया गया। सहायक निदेशक सेवायोजन चन्द्र कान्त सिंह ने बताया कि उक्त मेले में 16 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों पर भर्ती करने हेतु आई थी, जिसमें लगभग 250 अभ्यर्थियो ने प्रतिभाग किया।

इस रोजगार मेले में मुख्य अतिथि विधायक रुधौली राजेंद्र प्रसाद चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधक पंकज पटेल, जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा व सहायक सेवायोजन अधिकारी श्रीमती अंजलि शर्मा ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक रुधौली ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवाओं को बेहतर रोजगार दिलाने के उद्देश्य में यह वृहद रोजगार मेला आयोजित किया गया है। उन्होंने सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों को आयोजन करने हेतु सराहना की व उपस्थित प्रतिभागी अभ्यार्थियों को उनके बेहतर उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं की। उन्होंने अभ्यर्थियो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह बहुत ही अच्छा मौका है कि जब अभ्यर्थी अपने ही क्षेत्र में साक्षात्कार के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि ने उपस्थित अभ्यार्थियों को शुभकामनाएं दी व आयोजक मंडल को बधाई दी। जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने प्रतिभागी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह मेला पूरी तरह से निःशुल्क है अभ्यर्थीगण अपने शैक्षिक योग्यता के अनुसार अलग-अलग कंपनियों के आवंटित कक्ष में अपने-अपने बायोडाटा के साथ इंटरव्यू के माध्यम से चयन हेतु प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके उपरांत माननीय अतिथिगणों द्वारा रोजगार मेला में विभिन्न कंपनियों में चयनित लगभग 09 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र/ऑफर लेटर भी वितरित किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य राकेश कुमार शर्मा अंत में सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक बाबू राम वर्मा ने किया। इस कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय की तरफ से सभी स्टाफगण और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय बस्ती की ओर से प्रमोद कुमार प्लेसमेंट इंचार्ज, पंकज कुमार श्रीवास्तव, मो. वसीम खान, सतीशंकर मौर्य, राकेश राय, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।