बस्ती जिले के बनकटी विकास खंड स्थित प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर बेहिल नाथ तक पहुंचने का मार्ग बदहाल स्थिति में है। सरकार द्वारा इसे पर्यटक स्थल घोषित किया गया है और इसके सौंदर्याकरण तथा विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन मुख्य पहुंच मार्ग की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। महादेवा-मुंडेरवा मार्ग से बेहिल नाथ मंदिर की ओर जाने वाला रास्ता जगह-जगह गड्डों, कीचड़ और टूटे हुए हिस्सों से भरा है। विशेषकर बारिश के मौसम में यह मार्ग और भी खराब हो जाता है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। इस बदहाल मार्ग के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह रास्ता विशेष रूप से जोखिम भरा बन गया है, जिससे उन्हें पूजा-पाठ के लिए मंदिर पहुंचने में कठिनाई होती है। क्षेत्रीय लोगों ने इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जब मंदिर को पर्यटक स्थल का दर्जा दिया गया है और इसके विकास पर इतनी बड़ी धनराशि खर्च की गई है, तो पहुंच मार्ग की अनदेखी करना समझ से परे है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जल्द से जल्द महादेवा-मुंडेरवा मार्ग से बेहिल नाथ मंदिर तक के रास्ते की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भक्त सुरक्षित और सुगमता से मंदिर पहुंच सकें।