ओमप्रकाश गौतम
गढ़मुक्तेश्वर चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से “मतदाता सूची का महत्व” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपने विचारों एवं लेखन कौशल के माध्यम से मतदाता सूची की उपयोगिता और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपने निबंधों में बताया कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक देश की चुनावी व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार होती है। एक शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना उसके मताधिकार के उपयोग की पहली और आवश्यक शर्त है। विद्यार्थियों ने अपने विचारों में यह भी उल्लेख किया कि जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदाता पहचान पत्र बनवाने, नाम एवं पते में त्रुटियों का संशोधन कराने तथा नए मतदाता के रूप में पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित किया गया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की ट्रस्टी चौधरी रेणुका सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनमें लोकतांत्रिक चेतना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम है। साथ ही कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक मतदाता में निहित है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के महत्व को समझना चाहिए तथा चुनाव प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार शर्मा ने कहा कि निबंध प्रतियोगिता जैसे शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विचार अभिव्यक्ति, लेखन कौशल एवं सामाजिक समझ को विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को एक जिम्मेदार नागरिक बनकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई तथा विद्यार्थियों को संकल्प दिलाया गया कि वे स्वयं मतदाता जागरूकता के प्रति सजग रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर टेस्टी चौधरी रेणुका सिंह, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार शर्मा, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार शर्मा, कार्यक्रम समन्यवक श्रीमती मलिक परवीन, मनोज कुमार, दिलशाद अहमद, तनु शर्मा सहित समस्त सहायक प्राध्यापक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
0 Comment