बस्ती। जिले के शिक्षक उदयशंकर शुक्ल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा बस्ती जनपद के उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल को उनके सांगठनिक योगदान और शिक्षक हितों के लिये निरन्तर संघर्ष को देखते हुये नई दिल्ली के जनकपुरी स्थित राष्ट्रीय  कार्यालय पर आयोजित बैठक में अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
शिक्षक संघ के राष्ट्रीय संरक्षक सांसद जगदम्बिका पाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय ने माला पहनाकर अग वस्त्र देकर उदय शंकर शुक्ला को सम्मानित किया । कहा कि वे संघर्षशील शिक्षक नेता है और पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही टेट के नियमों को वापस कराने के लिये निरन्तर सघर्ष कर रहे हैं। सांसद जगदम्बिका पाल ने सुशील कुमार पाण्डेय को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि निश्चित रूप से वे   शिक्षक हितों के लिये रचनात्मक प्रयास करेंगे और समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा। सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली और टेट के सवाल को लेकर वे अपने स्तर से हर संभव पहल करेंगे। राष्ट्रीय संरक्षक जगदम्बिका पाल ने कहा कि उदयशंकर शुक्ल ने शिक्षकों की समस्याओं के लिए जिस तरह से अपना रचनात्मक संघर्ष जारी रखा है ऐसा काम विरले लोग कर पाते हैं। उन्होने शिक्षक हितों के लिये अपना पूरा जीवन दांव पर लगा दिया है। सम्मानित होने के बाद उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल ने कहा कि उनका पूरा जीवन शिक्षक हितों के लिये समर्पित है। जीवन के आखिरी क्षण तक वे शिक्षक हितों के लिये अपना संघर्ष जारी रखेंगे। बैठक में अनेक राज्यों के पदाधिकारी शामिल रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित होने के बाद राष्ट्रीय कार्यालय पर प्रथम बैठक सुशील कुमार द्वारा आयोजित किया गया था जिसमें राष्ट्रीय संरक्षक सांसद जगदंबिका पाल, अनुज त्यागी, नरेश कौशिक, गिरीश शर्मा सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने उदयशंकर शुक्ल को सम्मानित किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त किया।