गढ़मुक्तेश्वर बारिश के मौसम में नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका की टीम को मंगलवार को भारी विरोध झेलना पड़ा। गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली के सामने एक महिला ने कार्रवाई रोकने के लिए खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। समय रहते लोगों और टीम के हस्तक्षेप से बड़ा हादसा टल गया।

क्या था मामला
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार कोतवाली के सामने नालों पर अवैध रूप से पक्के चबूतरे और स्लैब बना दिए गए थे। कई लोगों ने घर से सड़क तक निर्माण कर रखा था। इसकी वजह से बारिश का पानी नालों में न जाकर सीधे सड़क पर बह रहा था। इससे डामर की सड़कें जल्दी खराब हो रही थीं और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।
इसी समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका की टीम सफाई और अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, कोतवाली के सामने रहने वाली एक महिला मौके पर पहुंची और विरोध करने लगी। आरोप है कि उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने की धमकी दी। मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे रोक लिया।
अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मकानों का ढलान सड़क की तरफ कर दिया गया है। इस कारण हर बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है और सड़कें टूटने लगती हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराई। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने सफाई और अतिक्रमण हटाने का काम जारी रखा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नालों और सड़कों पर अवैध निर्माण न करें, ताकि बरसात में जलभराव और सड़क क्षतिग्रस्त होने की समस्या न हो।
अतिक्रमण हटने के बाद अधिवक्ता को मिली जान से मारने की धमकी
इसी प्रकरण से जुड़ी रंजिश में एक अधिवक्ता को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला भी सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रजत चौहान पुत्र चंद्रपाल सिंह, निवासी कोतवाली के सामने ने बताया कि 4 जुलाई 2026 को रात करीब 9 बजे वह स्याना रोड स्थित मारुति शोरूम से घर लौट रहे थे। कोतवाली के सामने गाड़ी से उतरते ही विपक्षी ममता पत्नी विजेन्द्र ने उनसे अभद्रता की।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ममता ने कहा, "तेरा एक लड़का है। उसे, तुझे और तेरे पूरे परिवार को जान से मरवा दूंगी। तुझे यहां से भगा कर छोड़ूंगी।"
अधिवक्ता के अनुसार कुछ दिन पहले नगर पालिका ने पुलिस और तहसीलदार की मौजूदगी में विपक्षी द्वारा किए गए रास्ते के अवरोधन और अतिक्रमण को हटवाया था। इसी बात को लेकर विपक्षी रंजिश रख रही है। पीड़ित ने तहरीर में कहा है कि उसे और उसके परिवार को जान-माल का खतरा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
0 Comment