कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत कृषक 10 मई तक कर सकते बीज बुकिंग .

गौरव शर्मा 
 ग्रेटर नोएडा l उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर राजीव कुमार ने जनपद के समस्त पंजीकृत कृषकों को बताया कि खरीफ 2026 के लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत बीज वितरण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। अब बीजों का वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” तथा ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से किया जाएगा। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक बुकिंग प्राप्त होती है तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति द्वारा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक कृषक, जो खरीफ 2026 के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के तहत सामान्य बीज जैसे अरहर, उर्द, मूंग(मिनीकिट बीज एवं दलहनी मिनीकिट - उर्द, अरहर, मूंग) तथा संकर बीज जैसे संकर बाजरा एवं संकर ज्वार का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें विभागीय कृषि पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन/बुकिंग करनी होगी। बीज बुकिंग एवं वितरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कृषक स्वयं अथवा जन सेवा केंद्र के माध्यम से अपनी आवश्यकता अनुसार बीज की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है। इसके पश्चात प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पात्रता के संबंध में बताया कि केवल कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत किसान ही प्रमाणित बीज, मिनीकिट बीज एवं संकर बीज के लिए आवेदन कर सकेंगे। यदि आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष रूप से ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। चयनित कृषक अपने विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार से पॉस मशीन पर अंगूठा प्रमाणीकरण के माध्यम से निःशुल्क मिनीकिट बीज प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, सामान्य वितरण के अंतर्गत अनुदानित बीज के लिए कृषक अंश जमा कर बीज प्राप्त किया जा सकेगा। यह व्यवस्था सामान्य एवं मिनीकिट दोनों प्रकार के बीज वितरण पर समान रूप से लागू होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अधिक जानकारी के लिए कृषक संबंधित उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, विकास खंड के राजकीय कृषि बीज भंडार अथवा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्मिकों से संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग द्वारा जनपद के सभी पात्र कृषकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी बुकिंग/आवेदन अवश्य करें और योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।