बस्ती। पचपेड़िया रोड स्थित मरियम हार्ट हॉस्पिटल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही से एक महिला की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन 24 घंटे तक कोई जिम्मेदार डॉक्टर मरीज को देखने नहीं पहुंचा। इस दौरान केवल नर्स द्वारा दर्द का इंजेक्शन लगाकर इलाज किया जाता रहा। समय पर समुचित उपचार न मिलने के कारण महिला की मौत हो गई ऐसा आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी और मामले को दबाने की कोशिश की।
इस बीच राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष स्नेह कुमार पांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिले में कई निजी अस्पताल मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि समीप स्थित स्टार हॉस्पिटल में पूर्व में आयुष्मान कार्ड को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। हालांकि, इन मामलों में क्या कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि दोषी डॉक्टर व अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अस्पताल को सील किया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना यह है कि क्या इस प्रकरण में ठोस कार्रवाई होती है या मामला समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाता है।
0 Comment