गढ़मुक्तेश्वर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण सेवा समिति गढ़मुक्तेश्वर द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में , बिजेन्द्र सिंह भारत, दयाचंद राणा, मनवीर सिंह, विनोद चंद्रा एवं धर्मपाल सिंह ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।