बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बस्ती जिला इकाई द्वारा सोमवार को बस्ती सर्किट हाउस में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के महत्व और महिलाओं के सशक्तिकरण पर एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. कमलेश कुमारी पांडे ने अधिनियम पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में लाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (संविधान का 106वां संशोधन) के तहत लोकसभा, राज्य विधानसभाओं तथा दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। डॉ. पांडे ने आगे बताया, “यह अधिनियम केवल आरक्षण तक सीमित नहीं है। सरकार महिलाओं के समग्र उत्थान के लिए शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी त्रिस्तरीय प्रयास कर रही है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और लाभार्थियों को समयबद्ध सहायता सुनिश्चित की जा रही है। इससे महिलाएं न केवल राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगी, बल्कि समाज के हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगी। यह अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में देश का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। परिसीमन के बाद लागू होने वाले इस प्रावधान से महिलाओं की संख्या संसद और विधानसभाओं में काफी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे नीति निर्माण में महिला दृष्टिकोण अधिक मजबूती से शामिल होगा। सरकार का मानना है कि इससे महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी योजनाएं और अधिक प्रभावी ढंग से लागू होंगी। भाजपा बस्ती जिला इकाई ने इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले की महिलाओं को इस ऐतिहासिक अधिनियम के लाभों के बारे में जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम की संयोजक शालिनी मिश्रा रहीं, जबकि प्रेस वार्ता के संयोजक भानु प्रकाश मिश्रा रहे। जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं के सशक्तिकरण को पार्टी की प्राथमिकता मानती है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, सुमन सिंह, सविता तिवारी, नीरज तिवारी, रघुवरपांडेय, रवितिवारी, सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय महिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।