रावण दहन का दहन कर
बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है दशहरा: निर्मल शर्मा

ओमप्रकाश गौतम

गढ़मुक्तेश्वर : डी.आर. इंटरनेशनल स्कूल में दशहरा पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रावण दहन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रावण दहन के माध्यम से असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप त्यागी  उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि दशहरा हमें अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग करने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही हम समाज में सत्य, सदाचार और नैतिक मूल्यों को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे संस्कार अपनाने और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य  निर्मल शर्मा जी ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले का दहन करने का पर्व नहीं है, बल्कि अपने भीतर छिपे अहंकार, क्रोध, ईर्ष्या और नकारात्मक विचारों को समाप्त करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भगवान श्रीराम के जीवन से अनुशासन, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की सीख लेनी चाहिए। वास्तविक सफलता तभी प्राप्त होगी, जब हम शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कारों और मानवीय मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। रावण दहन के साथ सभी ने बुराई का त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।