हापुड़ न्यूज़ 

रास्ता न बनने से नाराज ग्रामीणों का प्रदर्शन, प्रधान पर सफाई कर्मचारी न भेजने का आरोप,

हापुड़, 31 मई - जनपद हापुड़ के सिंभावली ब्लॉक के गांव रझेड़ा में ग्राम प्रधान मनीष पाल द्वारा रास्ता न बनवाने से परेशान ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान मनीष पाल रास्ता बनवाने से साफ इनकार कर रहे हैं और गांव में सफाई कर्मचारी भी नहीं भेजते।ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान मनीष पाल ने धमकी भरे लहजे में कहा, "तुम्हारा रास्ता मैं नहीं बनवाऊंगा, जिससे कहना है कह दो, जहां तुम्हें शिकायत करनी है कर लो।" गांव के मुख्य रास्ते में गंदगी भरी रहने से लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन से जल्द रास्ता बनवाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस अवसर पर समाजसेवी नेत्रपाल, माला देवी, लक्ष्मी देवी, राम भोली, नन्ही, कृष्णा, गुड्डी, हरबती, रोशनी, सुनीता देवी, जयवीर, वीरेंद्र, ऋतिक, प्रेमपाल सिंह, मदनपाल, महेंद्र, संजीव, रजनी, सावित्री देवी, राजू समेत कई ग्रामीण प्रदर्शन में उपस्थित रहे।

मनजीत सिंह कि रिपोर्ट