हापुड़ :मोनाड विश्वविद्यालय में संस्कृति के रंग, सम्मान के संग थीम पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हापुड़, पिलखुवा, सिम्भावली एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग सौ से अधिक ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी ग्राम प्रधानों एवं विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वि०वि० के कुलपति डॉ० एम० जावेद ने अपने संबोधन में सभी को होली की शुभकामनाएँ देते हुए सौहार्दपूर्ण भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन प्रो० योगेश पाल सिंह तथा डीन एकेडमिक्स डॉ० ऋचा यादव ने किया तथा इस अवसर पर उपस्थित हुये समस्त अतिथियों को होली की शुभकामनाएँ दीं। इस कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन डॉ० सुशील कुमार ने किया और विश्वविद्यालय एवं ग्राम पंचायतों के बीच विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु संयुक्त प्रयासों पर बल दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को रंगारंग बना दिया। विधि संकाय के डॉ० मूलराज सिंह ने होली के अवसर पर काव्य प्रस्तुति देकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। बी०एफ०ए० की छात्रा रश्मि सैनी ने गोकुल की गलियों में धूम मची आज, बोलो कृष्ण मुरारी की जय गीत प्रस्तुत किया, जबकि बी०एफ०ए० की छात्रा आरती ने 'होली के दिन दिल खिल जाते हैं तथा आज न छोड़ेंगे तोहे, खेलेंगे हम होली गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। सभी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने जोरदार तालियों से सराहा। ग्राम कस्तला के प्रधान सुभाष तोमर ने प्रहलाद और होलिका प्रसंग का उल्लेख करते हुए भाईचारे का संदेश दिया। अहमदपुर नया गांव के प्रधान रविंदर ने 'संस्कृति के रंग, सम्मान के संग' थीम की सराहना करते हुए बुराई पर अच्छाई की जीत और 'वसुधैव कुटुम्बकम' की भावना को रेखांकित किया। सिम्भावली से डॉ० राजेंद्र सिंह ने कहा, 'लाल रंग जिसको लगा, वह बड़ा भाग्यशाली होता है अर्थात जो प्रभु प्रेम के रंग में रंग जाता है, वही सच्चा सौभाग्यशाली है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी एवं उनके साहिबजादों के बलिदान को भी स्मरण किया। धौलाना के पूर्व विधानसभा प्रतिनिधि नागेंद्र सिंह तोमर ने भी सभी को होली की शुभकामनाएँ दीं। सभी ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों का स्वागत कुलपति डॉ० एम० जावेद, प्रो० योगेश पाल सिंह, कुलसचिव कर्नल डी०पी० सिंह, डॉ० ऋचा यादव, डॉ० अमित चौधरी, विकास त्यागी, डॉ० महीप मिश्रा, डॉ० सुनील कुमार, डॉ० नेहा शर्मा तथा डॉ० आर०बी० सिंह द्वारा पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर किया गया। कार्यक्रम का समापन नेहा चौधरी द्वारा दिये गये धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में डॉ० रितु चिक्कारा और डॉ० मोहित गौतम का विशेष योगदान रहा। अंत में विश्वविद्यालय की ओर से सभी अतिथियों के लिए स्वादिष्ट स्नेह भोज की व्यवस्था की गई। इस होली मिलन समारोह ने एकता, सम्मान और सांस्कृतिक समरसता का प्रेरणादायी संदेश दिया।