हापुड़ न्यूज़
गढ़मुक्तेश्वर। नगर पालिका के गठन को 3 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान भ्रष्टाचार के आरोप लगातार लगते रहे हैं। बुधवार को सभासदों और व्यापार मंडल के सदस्यों ने एसडीएम श्रीराम यादव को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश बजरंगी और अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभासदों का आरोप है कि नगर पालिका में पिछले तीन सालों से अनियमितताएं चल रही हैं। आरटीआई के जरिए कई बार भ्रष्टाचार के मामलों का खुलासा किया गया। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक और ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें अध्यक्ष को कमीशन के नाम पर बात करते हुए सुना गया था। सभासदों का कहना है कि इस मामले की शिकायत कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
व्यापार मंडल ने भी ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाए। व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका की जिन दुकानों की नीलामी हुई थी उनके अनुबंध में हर 5 साल पर 15 प्रतिशत किराया बढ़ाने का प्रावधान है। लेकिन फरवरी में नगर पालिका द्वारा जारी आदेश में नियमों को दरकिनार कर दिया गया। जिन दुकानों का किराया पहले 500 से 600 रुपये था, उसे एक साथ बढ़ाकर करीब 1700 रुपये कर दिया गया। व्यापारियों ने इसे तानाशाही फरमान बताया और कहा कि इससे छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
ज्ञापन देने वालों ने आरोप लगाया कि ईओ पवित्रा त्रिपाठी के उच्च अधिकारियों से करीबी संबंध हैं, इसी कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाती। सभासदों ने कहा कि अगर शासन स्तर से कार्रवाई नहीं हुई तो भ्रष्टाचार को और बढ़ावा मिलेगा।
व्यापार मंडल और सभासदों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे लखनऊ तक प्रदर्शन करेंगे और अंबेडकर पार्क पर अध्यक्ष व ईओ का पुतला भी फूंकेंगे।
एसडीएम श्रीराम यादव ने ज्ञापन लेकर मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मनजीत सिंह कि रिपोर्ट
0 Comment