बनकटी/बस्ती। “अंगना में पधारों भवानी, शारदा महारानी” जैसे भक्तिमय गीतों और जयकारों के बीच शनिवार की शाम सीडीए अकादमी मथौली में नवरात्रि उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना, दीपों की जगमगाहट, कन्या पूजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा नजर आया। डांडिया और गरबा महोत्सव ने आयोजन में विशेष आकर्षण और उल्लास भर दिया। डांडिया की खनक, गरबा की थाप और रंग-बिरंगी रोशनी ने परिसर को उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक परिधानों में सजे छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति, आस्था और नारी शक्ति का सुंदर संदेश दिया। संगीत की धुन पर थिरकते कदमों और डांडिया की लय ने ऐसा माहौल बनाया कि उपस्थित सभी लोग उत्सव के रंग में रंग गए। बच्चों के उत्साह, भक्ति और प्रतिभा ने अतिथियों का मन मोह लिया। डांडिया और गरबा महोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक गुजराती लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने तालबद्ध कदमों और हाथों में सजे डांडियों के साथ आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। गरबा की गोलाकार लय और डांडिया की उत्साहपूर्ण थाप पर पूरा परिसर झूम उठा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय लोक परंपराओं, सामूहिक सहभागिता और सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराया गया। अभिभावकों और अतिथियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर महोत्सव की रौनक बढ़ाई। कार्यक्रम में अकादमी के डायरेक्टर अरविन्द पाल और प्रिंसिपल अरुणा पाल ने अतिथियों का स्वागत किया। मां शारदा और नवदुर्गा की वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। छात्र-छात्राओं ने गरबा और डांडिया नृत्य के माध्यम से नवरात्रि की सांस्कृतिक परंपरा को प्रस्तुत किया। भक्ति गीतों और देवी स्तुति से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। आयोजन के दौरान नौ देवियों के स्वरूप में सजी कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया। तिलक लगाकर, आरती उतारकर और पुष्प अर्पित कर कन्या पूजन की परंपरा निभाई गई। दीपों की सजावट और रंगोली ने परिसर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में मनोज पाण्डेय और दुर्गेश पाल ने अपनी पत्नियों के साथ डांडिया नृत्य में भाग लिया। इससे आयोजन में पारिवारिक सहभागिता और उत्साह का रंग भी देखने को मिला। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अमरेश पाल, अतुल पाल, राममोहन पाल, सुग्रीव पाल, मनोज पाण्डेय, गिरजेश पाल, रविचंद्र पांडेय, अनिल मौर्य, बाबूराम चौधरी और विवेकानंद शुक्ल सहित क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक व सभासद मौजूद रहे। सभी ने सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान लालगंज पुलिस मुस्तैद रही.
0 Comment