बस्ती। जनपद के कुदरहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम एचबी विनोद सिंह एक बार फिर गंभीर विवादों के घेरे में हैं। कुदरहा के जमालपुर निवासी अनिल पुत्र वीरेंद्र ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर उक्त एएनएम के खिलाफ भ्रष्टाचार, अवैध रूप से अस्पताल संचालित करने और बिना डिग्री वाले व्यक्ति से ओपीडी कराने जैसे बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र के अनुसार, एएनएम विनोद सिंह का कुदरहा के उजियानपुर में एक निजी मकान है। आरोप है कि वह पीएचसी कुदरहा में डिलीवरी पॉइंट पर जबरन कब्जा जमाए बैठी हैं और अपने इस निजी मकान के बेसमेंट में प्रकाश नर्सिंग होम नाम से एक अवैध अस्पताल का संचालन कर रही थीं। शिकायतकर्ता का दावा है कि पहले इस मामले की जांच डिप्टी सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी को सौंपी गई थी, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर धन के लालच में आकर 20 मार्च और छह अप्रैल 26 को अपनी रिपोर्ट में आरोपों को निराधार बता दिया। इसके बाद जब उच्च अधिकारियों से दोबारा शिकायत की गई और जांच अधिकारी बदलने की मांग हुई, तो यह जांच नोडल अधिकारी डॉ. एस.बी. सिंह को सौंपी गई।

जांच में डॉ. एस.बी. सिंह ने पाया कि बिना किसी डॉक्टर, स्टाफ नर्स, वैध मेडिकल स्टोर या पैथोलॉजी के यह अस्पताल अवैध रूप से चल रहा था, जिसके बाद 15 मई 26 को उक्त नर्सिंग होम के बेसमेंट को सील कर दिया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि बेसमेंट सील होने के बावजूद एएनएम विनोद सिंह के हौसले बुलंद हैं। अब वह उसी मकान के ऊपरी भाग में बिना किसी मेडिकल डिग्री वाले ओमप्रकाश चौधरी नामक व्यक्ति से मरीजों की ओपीडी करवा रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों की जान को बड़ा खतरा बना हुआ है। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2024 में जच्चा-बच्चा की जान जोखिम में डालने के प्रयास में तत्कालीन सीएमओ डॉ. आर.एस. दुबे ने उन्हें निलंबित कर सीएचसी दुबौलिया संबद्ध कर दिया था, लेकिन कथित रूप से सांठगांठ कर 15 दिनों के भीतर ही उन्हें पुनः कुदरहा पीएचसी में बहाल कर दिया गया। इसके अलावा, एएनएम के पुत्र शुभम सिंह (पुत्र राजेश्वरी सिंह) का महसो बाजार में एक मेडिकल स्टोर है, जहां से कथित तौर पर नकली दवाइयां मंगवाकर स्वास्थ्य केंद्र के अंदर बेची जाती हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी की जांच आख्या का हवाला देते हुए बताया गया है कि जिस मकान में यह सब चल रहा है, उसका कोई भवन मानचित्र भी स्वीकृत नहीं कराया गया है। एएनएम एचबी विनोद सिंह को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा से हटाने और

एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी से जांच कराने की मांग की गई। साथ ही उजियानपुर स्थित अवैध रूप से निर्मित मकान को बुल्डोजर से ध्वस्त करने की मांग की गई।