गौरव शर्मा
ग्रेटर नोएडा l आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण ने जानकारी देते हुए बताया कि परिवहन विभाग गौतमबुद्धनगर के सभी प्रवर्तन दलों द्वारा जनपद में अनधिकृत रूप से संचालित बसों के विरुद्ध निरंतर और प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा समय-समय पर विशेष चेकिंग अभियान एवं नियमित प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।कार्यालय अभिलेखों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-2026 में दिनांक 12 फरवरी 2026 तक की गई सतत प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कुल 643 वाहनों के चालान किए गए तथा 403 वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। इस प्रभावी कार्रवाई के फलस्वरूप ₹252.27 लाख प्रशमन शुल्क की वसूली भी की गई है। इसी अवधि में विशेष रूप से यात्री बसों में ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस एवं बिना परमिट संचालन के विरुद्ध चलाए गए अभियानों में 143 बसों के चालान किए गए तथा 112 बसों को विभिन्न थानों में निरुद्ध किया गया। यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों के पालन को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से की गई।
आरटीओ (प्रवर्तन) ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत रूप से संचालित बसों के विरुद्ध वर्तमान में भी निरंतर और प्रभावी कार्रवाई जारी है। परिवहन विभाग का उद्देश्य जनपद में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, वैध परमिट एवं फिटनेस प्रमाणपत्र के साथ ही वाहनों का संचालन करें, ताकि अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
0 Comment